कोरोना संकट से रियल एस्टेट क्षेत्र में बिक्री बुरी तरह प्रभावित हुई है। देश के शीर्ष-7 शहरों में जुलाई-सितंबर के दौरान मकानों की बिक्री 61 फीसदी घटकर 14,415 इकाई रह गई।
जेएलएल इंडिया ने कहा...तिमाही आधार पर बिक्री में 34 फीसदी तेजी
संपत्ति सलाहकार जेएलएल इंडिया की सोमवार की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल की समान अवधि में 7 शहरों दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बंगलूरू, चेन्नई, हैदराबाद, पुणे और कोलकाता में 36,826 मकान बिके थे। जुलाई-सितंबर में मुंबई में 4,135, दिल्ली-एनसीआर में 3,112, हैदराबाद में 2,122, बंगलूरू में 1,742, चेन्नई में 1,570, पुणे में 1,344 और कोलकाता में 390 मकान बिके। आंकड़ों के मुताबिक, तिमाही आधार पर अप्रैल-जून के मुकाबले जुलाई-सितंबर में मकानों की बिक्री 34 फीसदी बढ़ी है। जेएलएल इंडिया के सीईओ रमेश नायर ने कहा, हम आवास बाजार को लेकर सतर्क तरीके से आशान्वित हैं।