वाराणसी के चोलापुर शहीद स्थल से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने '27 साल यूपी बेहाल यात्रा' शुरू की। शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज बब्बर ने अपनी इस यात्रा को समाज के विरोधियों के खिलाफ जंग का ऐलान बताया।
इस दौरान राज बब्बर के साथ उपस्थित वाराणसी के कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी पूर्वांचल और बुंदेलखंड राज्य के गठन का समर्थन करती है। और इसे मूर्तरुप देने के लिए कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर बहस के लिए भी तैयार है, क्योंकि राज्य का आकार छोटा होने से विकास को गति मिलती है।
वाराणसी से भाजपा के दादा के खिलाफ शीला दीक्षित को चुनाव में उतारने की रणनीति पर तिवारी ने बताया कि अभी इस विषय पर पार्टी के भीतर गहन वार्ता चल रही है। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने बताया कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में 27 साल यूपी बेहाल को लेकर यात्रा कर रही है। इस यात्रा का आरंभ राज बब्बर ने गाजीपुर से किया।
यात्रा आरंभ करने से पहले उन्होंने शहीद स्थल जाकर शहीदों को माल्यापर्ण किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी यह यात्रा समाज के उन लोगों के खिलाफ है जो लोगों के बीच रहकर समाज को तोडने का काम करते हैं।
अलग राज्य के सवाल पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि 'कांग्रेस पार्टी छोटे राज्यों के खिलाफ नहीं है पूर्वांचल और बुंदेलखंड को अलग राज्य होना चाहिए'। उन्होंने कहा कि यदि यह अलग नहीं हुए तो यूपी विकास में पीछे रह जाएगा। शीला दीक्षित की दावेदारी पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह हम वक्त आने पर बताएगें कि शीला दीक्षित यूपी से चुनाव लड़ेगी या नहीं।