आज 9 मई 2026 को जेष्ठ की कृष्ण पक्ष की सप्तमी है। आज पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण है। वहीं, आईपीएल में राजस्थान और गुजरात के बीच मुकाबला है।
नेशनल लोक अदालत में सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट की पहल पर देशभर में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए शनिवार से नेशनल लोक अदालत की शुरुआत होने जा रही है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य आपसी सहमति के जरिए विवादों का समाधान कर लोगों को आसान और सस्ता न्याय उपलब्ध कराना है। इस बार लोक अदालत को खासतौर पर डिजिटल और सुलभ बनाया गया है। पक्षकार अब अदालत में उपस्थित होने के साथ-साथ वर्चुअल माध्यम से भी अपनी भागीदारी दर्ज करा सकेंगे। प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी समझौता कराने में सहयोग करेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
मुख्यमंत्री योगी का बिजनौर दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बिजनौर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री धामपुर और नगीना तहसील के करीब 17 गांवों के शरणार्थियों को जमीनों के कागज सौंपेंगे। दरअसल, धामपुर और नगीना तहसील के 17 गांवों में रह रहे 3856 परिवारों को इनकी जमीनों पर मालिकाना हक देने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगा दी थी। इससे अब ये किसान न केवल खेती कर पाएंगे, बल्कि अपनी गन्ने और गेहूं की फसल को सरकारी रेट पर शुगरमिल और गेहूं क्रय केंद्रों पर बेच पाएंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का महाराष्ट्र दौरा
केंद्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर हैं। इस दौरान वह शनिवार को डॉ. डी. वाई. पाटिल विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। वहीं, शाम को पुणे में पुण्यभूषण पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे। यह समारोह विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित करता है। इसके साथ ही यह शहर के प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रमों में से एक है।
किसान न्याय सत्याग्रह में शामिल होंगे चिब
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब शनिवार को किसान न्याय सत्याग्रह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश के डबरा अनाज मंडी में सबुह 10 बजे से शुरू होगा। यह कार्यक्रम अमेरिका-भारत डील के खिलाफ है।
आईपीएल में राजस्थान-गुजरात के बीच मुकाबला
आईपीएल में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला है। यह मैच शाम 7:30 बजे से जयपुर में खेला जाएगा।