हिमाचल प्रदेश के खेल जगत की प्रतिभाओं को सम्मान देने के लिए प्रदेश सरकार 31 अक्तूबर को हिमरत्ना 2026 समारोह करवाएगी। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से शिमला के होटल पीटरहॉफ में सुबह 11 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले करीब 450 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को लगभग 20 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। हिमरत्ना 2026 में करीब 50 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और 400 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित करने की योजना है। इस समारोह के माध्यम से खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को पहचान देने के साथ अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। समारोह के दौरान खेलो हिमाचल वेबसाइट का भी शुभारंभ किया जाएगा। इससे प्रदेश में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों से संबंधित जानकारियों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में पहल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।