हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के बीच अगले 48 घंटों के लिए भी चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग का कहना है कि पांच और छह फरवरी को प्रदेश के विभिन्न भागों में भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश सरकार ने भी सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है।
मंगलवार रात से ही लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, शिमला, चंबा, कांगड़ा के ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात, जबकि शिमला समेत निचले क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है।
रोहतांग में डेढ़ फुट और जलोड़ी दर्रा में 25 सेंटीमीटर ताजा हिमपात रिकॉर्ड किया गया है। सोलंगनाला में पांच सेंटीमीटर और रघुपुरगढ़ में एक फुट बर्फ पड़ी है।
केलांग में सात से आठ सेंटीमीटर, कोकसर में एक फुट, सिस्सू में 12 से 13 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। इससे पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है।
सिरमौर के पांवटा-राजपुर क्षेत्र में रात को आंधी से करीब दो सौ बीघा जमीन में गन्ने की फसल बिछ गई। बर्फबारी के बाद जलोड़ी दर्रा यातायात के लिए बंद हो गया है।
नारकंडा में हल्की बर्फबारी हुई है। बर्फबारी-बारिश से कई जगह यातायात अवरुद्ध हुआ है, लेकिन कृषि-बागवानी के लिए इसे बेहद अच्छा माना जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि आठ फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा।
कहां कितनी बारिश
स्थान....................बारिश (मिमी)
शिमला....................5.1
सुंदरनगर....................1.2
भुंतर....................7.5
धर्मशाला....................9.6
पालमपुर....................2.6
डलहौजी....................20. 0
सोलन....................1.6
चंबा....................13.0
मनाली....................24.8
कांगड़ा....................5.0