दौलतपुर चौक (ऊना)। महर्षि विद्या मंदिर डंगोह खास की छात्रा ने नीट की परीक्षा पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्कूल के प्रधानाचार्य आरसी त्यागी ने बताया कि नितिका पुत्री सुरेंद्र कुमार ने नीट में 720 में से 605 अंक प्राप्त किए हैं।
उन्होंने बताया कि नीट में नितिका का परसेंटाइल 98.89 है। इस उच्च परसेंटाइल के कारण नितिका को हिमाचल के सबसे अच्छे मेडिकल कॉलेज में प्रवेश आसानी मिल पाएगा। वह डॉक्टर बनकर समाज की सेवा कर पाएगी। नितिका ने दसवीं तक की पढ़ाई महर्षि विद्या मंदिर से की। जमा दो की पढ़ाई अंब के एक निजी स्कूल से की। डंगोह खुर्द की रहने वाली नितिका के पिता सुरेंद्र कुमार डोगरा आर्मी से सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं जबकि माता गृहणी है। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य ने नितिका का मुंह मीठा करवाकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नितिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अध्यापकों को दिया है।