संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय ऊना के मिनी सचिवालय में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस का क्रमिक अनशन शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को कांग्रेस नेता और हिमाचल कैनेडियन एसोसिएशन के समन्वयक दीपक लठ ने युवाओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने युकां पदाधिकारियों को इसी जज्बे के साथ युवाओं के मसले उठाने के लिए प्रेरित किया।
दीपक लठ ने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला बड़ा घोटाला है। इस मामले ने पुलिस और सरकार दोनों की पोल खोल दी है। इसमें कोई शक नहीं है कि दोनों की मिलीभगत से ही यह संभव हुआ है। कहा कि आज हिमाचल का बेरोजगार युवा रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहा है। युवाओं को विदेेश में रोजगार की सही दिशा में लाने के लिए वह प्रयासरत हैं, लेकिन एक साथ दो लाख युवाओं के साथ धोखा होना चिंतनीय है। जयराम सरकार के कार्यकाल में हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं। पेपर लीक होना आम हो गया है। ऐसे में अब युवा सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले सोच रहा है।
कहा कि सरकार को पारदर्शिता के साथ इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन इसमें भी कोताही देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के आंदोलन को पूरा समर्थन है और युकां की मांगों पर सरकार को गौर करना चाहिए। वहीं, युकां अध्यक्ष राघव ठाकुर ने कहा कि डीजीपी को तुरंत हटाया जाना चाहिए, लेकिन सरकार की शह में वह लगातार काम कर रहे हैं। इसे युकां सहन नहीं करेगी।
युकां के आंदोलन के बाद सीएम जयराम ठाकुर ने आनन फानन सीबीआई जांच का एलान तो कर दिया, लेकिन संदिग्ध भूमिका वाले पाुलिस अधिकारियों को नहीं हटाया। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों के लिए युकां पीछे नहीं हटेगी।