नंगल। श्री आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर स्थित एमपी कोठी के निकट लगाए गए नाके के दौरान शराब के साथ पकड़े मंडी जिले के जोगिंद्रनगर के दो युवकों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। दोनों युवकों के कब्जे से पुलिस ने चंडीगढ़ में बिकने वाली महंगे ब्रांड की तीन पेटी शराब पकड़ी थी।
आरोपियों की पहचान लकी ठाकुर पुत्र मेहर सिंह निवासी लक्ष्मी बाजार जोगिंद्रनगर जिला मंडी व राकेश कुमार पुत्र गोबिंद राम निवासी जोगिंद्रनगर जिला मंडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कांग्रेस के पदाधिकारी हैं। जांच अधिकारी एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट से न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एक्साइज इंसपेक्टर गुरविंद्र पाल की शिकायत के आधार पर नंगल पुलिस ने मामला दर्ज किया है।