जोल में बादलों की लुका-छुपी के बीच गेहूं थैशिंग करते हुए किसान।संवाद
चकसराय (ऊना)। उपतहसील जोल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुछ गांवों में किसानों ने गेहूं की कटाई का कार्य शुरू कर दिया है। खेतों में फसल पक कर तैयार हो चुकी है और किसान समय रहते इसे सुरक्षित करने के लिए तेजी से कटाई में जुटे हुए हैं। इस बार मौसम की बेरुखी किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। आसमान में बादलों की लगातार लुका-छुपी और मौसम के खराब रहने के कारण किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान बारिश की आशंका के चलते जल्दबाजी में कटाई कर रहे हैं ताकि उनकी फसल खराब न हो। किसानों का कहना है कि गेहूं की कटाई के बाद फसल को कम से कम दो दिन तक अच्छी धूप लगना बेहद जरूरी होता है जिससे गेहूं पूरी तरह सूख सके।
किसान रमेश कुमार ने बताया कि इस बार मौसम ने काफी परेशानी बढ़ा दी है। कटाई तो कर ली है लेकिन धूप नहीं मिल रही। अगर गेहूं अच्छी तरह नहीं सूखा तो दाने खराब हो सकते हैं। हम लोग हर समय मौसम पर नजर रखे हुए हैं।
किसान बलदेव सिंह का कहना है कि बार-बार बादल आने से बहुत दिक्कत हो रही है। जल्दी-जल्दी कटाई करनी पड़ रही है ताकि बारिश से बच सकें। अगर दो दिन अच्छी धूप मिल जाए तो थ्रेसिंग का काम आसानी से हो जाएगा।