ऊना में भंयकर धूप के बीच जुगाड़ से तैयार बाइक पर गुजरते लोग। संवाद
- फोटो : Una
ऊना। जिला में जलती-चुभती गर्मी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग बेहाल हैं। दिन भर चल रहीं गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही है। लोगों को मजबूरी में ही जरूरी काम निपटाने के लिए घरों से बाहर निकलना पड़ रहा है। गर्मी का सबसे अधिक प्रकोप राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और खेतों में काम करने वाले किसानों व मजदूरों पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच लोग बारिश की आस लगाए हुए हैं। उधर मौसम विशेषज्ञों की मानें तो क्षेत्र में अभी बारिश के आसार नहीं है।
जिला में गर्मी के प्रकोप से बाजारों में सन्नाटा पसर रहा है। तीखी धूप में लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं। इस बीच, रविवार को जिला का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आलम यह है कि पंखे भी गर्मी से राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। गर्म हवाओं ने पैदल चलने और दोपहिया वाहन सवारों की परेशानी और बढ़ी दी है। चालकों के लिए सामने देखना भी मुश्किल हो चुका है। उधर, खेतों में कामकाज निपटाने में जुटे किसानों व खुले आसमान तले काम करने वाले मजदूरों पर भी प्रचंड गर्मी की सीधी मार पड़ रही है। किसान लगातार बारिश की आस लगा रहे हैं। चिंता की बात यह है कि क्षेत्र में अभी बारिश के कोई आसार नहीं है। मौसम विशेषज्ञ विनोद शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। कहा कि अभी बारिश की संभावना न के बराबर है।