ऊना। शहर के कई हिस्सों में बीते तीन दिन से पेयजल की सप्लाई बाधित है। इससे शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जल शक्ति विभाग का दावा है कि प्रभावित इलाकों में टैंकरों से सप्लाई दी गई। आज यानी रविवार को भी कई हिस्सों में पेयजल सप्लाई नहीं पहुंचेगी।
दरअसल बीती एक दिसंबर से जल शक्ति विभाग ने पुराना होशियारपुर रोड में नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसकी वजह से शहर के कई हिस्सों खास तौर पर वार्ड नौ में पानी की सप्लाई ठप पड़ गई। नई पाइपलाइन बिछाने के बारे में अधिकतर शहरवासियों को जानकारी नहीं थी।
इस वजह से लोगों की परेशानी दोगुनी हो गई। अभी पाइपलाइन के काम को एक दिन और लग सकता है। पुराना होशियापुर रोड पर पानी की सप्लाई देने वाली पाइप लगभग 40 साल पुरानी थी। उससे कई जगह से लीकेज हो रही थी।
यह पाइप साइज में भी डेढ़ इंज की थी। इसके साथ ही यह कई स्थानों से लीकेज भी होने लगी थी। इस समस्या का संज्ञान लेते हुए जलशक्ति विभाग ने बीते बुधवार को जेसीबी से पुराने होशियारपुर रोड की पटाई शुरू कर दी। पुरानी पाइपलाइन की जगह दो इंच की नई बिछाने का कार्य शुरू किया गया। इसके बाद घरों को सप्लाई भेजे जाने के लिए कनेक्शन भी दोबारा किए जा रहे हैं।
इस सड़क पर वाहनों के अच्छी-खासी आवाजाही होने के कारण पाइपलाइन बिछाने और नए कनेक्शन देने में अधिक ज्यादा समय लग रहा है। बताया जा रहा है कि यह कार्य रविवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में पानी की समस्या पेश आ सकती है।
हालांकि सोमवार से पानी की सप्लाई सुचारू करने की बात जलशक्ति विभाग ने कही है। शहरवासी दीपक कुमार, अमित शर्मा, रोहित और कोमल ने बताया कि तीन दिन से पानी की सप्लाई नहीं आई है। उन्हें पीने के पानी के लिए भी पड़ोस में लगे एक बोर वाले नल से पानी लाने के लिए जाना पड़ रहा है।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता नरेश धीमान ने बताया कि पुराना होशियारपुर रोड पर बीते कई दिनों से पानी की लीकेज और सप्लाई बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं। नई पाइप बिछाने काम प्रगति पर है। जिन इलाकों में पानी की सप्लाई रुकी हुई है, वहां टैंकरों से पानी पहुंचाया गया है। सोमवार से सभी इलाकों में पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा।