ऊना के एमसी पार्क के बीच एक छोर पर बंद पड़ा वाटर कूलर। संवाद
ऊना। जिला में भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी का ही सहारा है। इन हालात के बीच नगर परिषद ऊना के बीच एक छोर पर लगा वाटर कूलर बंद पड़ा है। पार्क में आने वाले लोगों को अंतिम छोर से प्रवेश द्वार की ओर आकर ही पानी भरना पड़ रहा है। मगर हजारों रुपये खर्च कर लगाए वाटर कूलर की मरम्मत करने में नगर परिषद ऊना असमर्थ नजर आ रही है।
पार्क में अकसर सैर को आने वाले लोगों की माने तो वाटर कूलर बीते कुछ माह से अनदेखी की स्थिति में है। अगर इसे समय पर मरम्मत कराया जाता तो पार्क में पानी की सुविधा पर्याप्त रूप से पीने के लिए हो जाती। लेकिन अभी ऐसा नहीं है। हालांकि इससे पूर्व भी पार्क में सुविधाओं को लेकर कई बार सवाल खड़े होते रहे हैं। जिसका समाधान बाद में नप की ओर से किया जाता है। मगर लंबे समय से बनी हुई समस्याओं पर काम करने के लिए हर बार लोगों को पहले आवाज बुलंद की जाती है। उसके बाद ही नगर परिषद हरकत में आती है।
स्थानीय पार्क में सैर के लिए पहुंचने वाले जसविंद्र, कमल, आशु, सुनील कुमार, कुलविंद्र, विक्की आदि कई ने बताया कि पार्क में विश्राम गृह की ओर के छोर पर ओपन एयर जिम के पास स्थापित किया गया है। लेकिन लंबे समय से यह वाटर कूलर केवल सफेद हाथी ही है। खराब पड़े वाटर कूलर को किसी ने सही कराने की जहमत नहीं उठाई है। नगर परिषद को चाहिए कि जल्द से जल्द इसकी मरम्मत करवा कर इन गर्मियों में आगंतुकों के लिए ठंडे पेयजल की सुविधा को बहाल कराया जाए।
वाटर कूलर की जल्द मरम्मत करवाई जाएगी, ताकि यहां पर सैर के लिए आने वाले लोगों को कोई समस्या का सामना न करना पड़े।
-पुष्पा देवी, अध्यक्ष, नगर परिषद, ऊना