संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। बीते दिनों जिले में हुई बारिश के बाद मौसम में अचानक आए बदलाव से बच्चों में वायरल के मामले तेजी से बढ़ना शुरू हो गए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में ही बीते दो-तीन दिनों से अभिभावक अपने बच्चों में बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
मौसम में अचानक से आए बदलाव को बच्चों में वायरल की दिक्कत का बड़ा कारण बताया जा रहा है। बच्चों में वायरल फीवर और उल्टी-दस्त के मामले पहले से सामने आ रहे थे, लेकिन बीते दो-तीन दिनों में इन मामलों में बढ़ोतरी हो गई है। इन दिनों खांसी, जुकाम, उल्टी-दस्त की शिकायत वाले अधिक रोगी अस्पताल में पहुंच रहे हैं। पूर्व में क्षेत्रीय अस्पताल में 10 से 15 मरीज वायरल से पीड़ित पहुंच रहे थे, लेकिन अब यह आंकड़ा बढ़कर 30 से 40 पहुंच गया है। बता दें कि जिले भर में करीब तीन दिन पहले अधिकतम तामपान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
एकाएक ही एसी कूलर तक चलना बंद हो गए। इस बीच वायरल ने बच्चों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। हालांकि हर उम्र वर्ग के लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं, लेकिन इनमें बच्चे अधिक हैं। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचे अभिभावक मनीष कुमार और आर्यन ने बताया कि बदले मौसम के बीच बच्चे को बुखार और उल्टी की शिकायत होने पर अस्पताल में जांच के लिए पहुंचे हैं। मौसम के बदले रुख से राहत तो मिली है, लेकिन बच्चों के बीमार होने से चिंतित हैं।
ये हैं वायरल के लक्षण
वायरल फीवर वाले मरीज के गले में दर्द, बदन दर्द, बुखार, सिर दर्द, उल्टियाें के लक्षण होते हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में शरीर में पानी की कमी होना, बुखार, उल्टी और दस्त के लक्षण शामिल हैं। ऐसे में समय रहते नजदीक के अस्पताल में जांच करवाएं।
ऐसे करें बचाव
क्षेत्रीय अस्पताल में तैनात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि शर्मा ने बताया कि सुबह-शाम मौसम में ठंडक और दिन में गर्मी रहती है। ऐसे में बच्चों का विशेष ख्याल रखें। इस दौरान खानपान का विशेष ध्यान रखें, तली हुई चीजें बच्चों को देने से बचें। दिक्कत होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।