ऊना में सब्जी खरीददता हुआ व्यक्ति
- फोटो : Una
ऊना। सब्जी मंडियों में सब्जी की सप्लाई कम आने से दाम प्रतिकिलो 20 से 40 फीसदी बढ़ गए हैं। इससे आम जनता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिले में पेट्रोल और डीजल के सस्ता होने के बाद लोगों को सब्जियों के दामों में गिरावट की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
मटर, शिमला मिर्च और मूली तो बाजार से गायब हो गई हैं। पिछले हफ्ते 20 रुपये प्रति किलो बिकने वाली मूली की कीमत 50 रुपये प्रतिकिलो हो गई है। मटर के दाम 100 से 120 रुपये तक थे जो अब 230 से 240 तक जा पहुंचे हैं।
शिमला मिर्च की कीमत भी 70 से 80 रुपये थी, जोकि अब 140 रुपये हो गई है। गोभी की कीमत पिछले हफ्ते 70 रुपये तक थी, जो अब बढ़कर 100 रुपये हो चुकी है। फ्रासबीन पहले 80 रुपये तक बिक रही थी, जो अब 120 से 130 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
40 से 50 रुपये तक बिकने वाली भिंडी अब 70 रुपये प्रति किलो बिक रही है। तोरी के दाम 30 रुपये से बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो हो चुके हैं। आलू, प्याज, खीरा, टमाटर और अन्य सब्जियों के दाम पिछले सप्ताह के समान है।