ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में मरीजों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण के लिए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की बैठक के दौरान स्थान का चयन करने के लिए छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने निर्देश दिए। बैठक से पहले सतपाल सत्ती ने क्षेत्रीय अस्पताल और निर्माणाधीन मातृ शिशु भवन का निरीक्षण भी किया।
बैठक में मदर चाइल्ड केयर अस्पताल, सीएचसी बसदेहड़ा, सीएचसी संतोषगढ़ में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त न्यू ओपीडी ब्लॉक, ट्रॉमा सेंटर और पार्किंग के लिए चयनित स्थल को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए। सत्ती ने कहा कि सीसीयू के लिए जल्द ही पर्याप्त जगह का चयन कर 75 बेड के अलावा एक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया जाएगा।
सत्ती ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सीएचसी बसदेहड़ा और सीएचसी संतोषगढ़ के लिए फर्नीचर और बेड सहित अन्य जरूरी चीजों का प्रारूप तैयार करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएचसी नंगड़ा के लिए भी जल्द से जल्द जगह का चयन किया जाए। सत्ती ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षेत्रीय अस्पताल में सीढ़ियों और छतों की मरम्मत और पेवर के कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माणाधीन अस्पताल के समीप लगते जिन पेड़ों को काटने की स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजू बहल, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू, एमएस डॉ. रमन शर्मा, डीएफओ मृत्युंजय माधव मौजूद रहे। संवाद