ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की सुविधा के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में स्थायी सोनोलॉजिस्ट न होने के कारण सप्ताह में एक दिन ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल पा रही है। बीते कई माह से अस्थायी तौर पर सप्ताह के एक दिन शुक्रवार को ही गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रसाउंड हो पाते हैं।
ऐसे में गर्भवती महिलाओं को जांच करवाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। कई बार निर्धारित दिन पर अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाने से उन्हें निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते हैं।
नागरिक अस्पताल अंब क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाता है। गर्भवती महिलाओं के लिए समय पर अल्ट्रासाउंड करवाना जरूरी होता है लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक की स्थायी तैनाती न होने से उन्हें नियमित सुविधा नहीं मिल पा रही है।
स्थायी सोनोलॉजिस्ट की तैनाती न होने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा सीमित होकर रह गई है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में स्थायी सोनोलॉजिस्ट की नियुक्ति करने की मांग उठाई है।
मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान की श्रेणी में आता है अस्पताल
नागरिक अस्पताल अंब मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान की श्रेणी में आता है। ऐसे में अस्पताल में बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए नए भवन, उपकरण व अन्य व्यवस्थाएं बनाने के लिए करोड़ों रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। दूसरी तरफ स्थायी तौर पर सोनाेलॉजिस्ट व रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती अभी तक नहीं हो पाई है।
अंब अस्पताल के लिए स्थायी सोनोलॉजिस्ट की तैनाती को लेकर उच्च अधिकारियों के समक्ष मांग उठाई गई है। उम्मीद है कि जल्द ही अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट की तैनाती हाेगी।
-डॉ. राहुल कतना, खंड स्वास्थ्य अधिकारी अंब।