ऊना। पेखुबेला की 32 मेगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा परियोजना से उत्पादित बिजली की सप्लाई भविष्य में निर्माणाधीन 220/132 केवी सब स्टेशन के माध्यम से होगी।
फिलहाल परियोजना टाहलीवाल-रक्कड़ विद्युत लाइन से जुड़ी है। नए सब स्टेशन के तैयार होने के बाद सौर परियोजना को इससे जोड़ा जाएगा।
इसके साथ ही टाहलीवाल और रक्कड़ सब स्टेशन को भी इसी के माध्यम से बिजली की सप्लाई की जाएगी। इससे सौर परियोजना सहित दोनों सब स्टेशन की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था नए सब स्टेशन से जुड़ेगी। पेखुबेला में 220/132 केवी क्षमता का सब स्टेशन तैयार किया जा रहा है।
इसके लिए नैहरियां से लाइन बिछाने का काम चल रहा है। वर्तमान में सौर परियोजना से उत्पादित बिजली टाहलीवाल-रक्कड़ विद्युत लाइन के माध्यम से बिजली नेटवर्क तक पहुंचाई जा रही है।
नए सब स्टेशन के तैयार होने और परियोजना के इससे जुड़ने के बाद बिजली की सप्लाई इसी व्यवस्था के माध्यम से होगी। पेखुबेला की 32 मेगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा परियोजना ने 28 माह में 103.56 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया है।
खर्च काटकर इससे करीब 3.91 करोड़ रुपये की आय हुई है। विधानसभा में दिए गए लिखित जवाब के अनुसार, बिजली बिक्री से 30.03 करोड़ रुपये का राजस्व देय है, जबकि बिजली बोर्ड से 15.14 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
परियोजना पर 26.12 करोड़ रुपये का खर्च दर्ज किया गया है। वर्ष 2025 में भारी बारिश के कारण परियोजना में जलभराव हुआ था। सरकार के अनुसार, बाढ़ से बचाव के कार्य पूरे कर परियोजना को पूरी क्षमता पर बहाल कर दिया गया है। नए सब स्टेशन के तैयार होने के बाद क्षेत्र के बिजली व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।