टैंक के आसपास बाड़बंदी न होने से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बुधान(ऊना)। उपमंडल बंगाणा की लठियाणी पंचायत के गांव बंजाल में शुक्रवार रात के समय दो सांभर खेतों की सिंचाई के लिए बनाए गए पानी के टैंक में गिर गए। सुबह जब ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के चिल्लाने की आवाज सुनी तो वे टैंक के पास पहुंचे। टैंक में दो सांभर गिरे थे। उन्होंने पंचायत प्रधान जोगिंद्र शर्मा को इस बारे में सूचित किया। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधि, उप प्रधान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस मामले की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग के अधिकारियों की दी। इसके बाद वनरक्षक प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर दोनों सांभरों को निकालने का प्रयास शुरू किया।
इस दौरान एक सांभर की मौत हो चुकी थी। जबकि दूसरे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वनरक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सहायता से ही एक सांभर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जबकि मृत सांभर को टैंक से बाहर निकालने के बाद से मिट्टी में दबा दिया गया। पंचायत प्रधान एवं उप प्रधान ने कहा कि सभी लोग अपने टैंकों को लोहे के तार एवं अन्य किसी भी प्रकार से बंद कर दें ताकि जंगली जानवर टैंकों में गिरने से बच सकें। उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया है कि सभी को इस प्रकार के आदेश दें।