ऊना में हाल ही में हुए गोलीकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने स्वां नदी में अवैध खनन गतिविधियों की निगरानी में कोताही बरतने पर दो बीट पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के पुलिस अधीक्षक अमित यादव के नेतृत्व में रामपुर गांव स्थित स्वां नदी क्षेत्र में चार ट्रैक्टर ट्रालियां अवैध खनन करते हुए पकड़ी गईं। इस दौरान सभी ट्रैक्टर ट्रालियों को जब्त कर उनके मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके साथ ही क्षेत्र में निगरानी के लिए तैनात दो बीट पुलिस कांस्टेबलों को उनकी लापरवाही के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने कहा कि स्वां नदी क्षेत्र में अवैध खनन की रोकथाम के लिए पुलिस की विशेष तैनाती की गई थी, लेकिन बावजूद इसके खनन गतिविधियां जारी थीं। जांच में यह पाया गया कि दो पुलिस कर्मियों ने अपनी ड्यूटी के दौरान सतर्कता नहीं बरती, जिसके कारण अवैध खनन चलता रहा। इस पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन सख्त कदम उठाएगा और जो भी आदेशों की अवहेलना करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मैहतपुर में बार संचालक पर एफआईआर
वहीं, मैहतपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात 10 बजे के बाद भी बार में शराब परोसे जाने की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारा। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद बार संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार मध्यरात्रि को पुलिस ने आरटीओ बैरियर के पास स्थित रूपसी होटल और बार की तलाशी ली, जहां ऊपरी मंजिल पर कुछ लोग शराब पीते हुए पाए गए। इस पर होटल मालिक संदीप ठाकुर निवासी बसदेहड़ा, जिला ऊना के खिलाफ जिलाधीश के आदेशों का उल्लंघन करने पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले पर सख्त निर्देश जारी किए हैं और कहा है कि अवैध खनन या पाबंदियों के उल्लंघन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ड्यूटी में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।