दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक में चुनावी माहौल ने अब रफ्तार पकड़ ली है। नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन दो प्रत्याशियों द्वारा पर्चा दाखिल किए जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है और बाजार से लेकर गलियों तक चुनावी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन वार्ड-1 से रजनीश कुमार शौंकी मैदान में उतरे। उन्होंने अपने शपथ पत्र में खुद को 12वीं पास बताया है। रजनीश कुमार पहले भी इसी वार्ड से पार्षद रह चुके हैं और पिछले चुनाव में महज 12 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वह वापसी के इरादे से चुनावी रण में उतरे हैं। वहीं वार्ड-3 से श्वेता पत्नी अरुण कुमार ने नामांकन दाखिल कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। उच्च शिक्षित श्वेता एमएससी व बीएड धारक हैं और पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं।
विज्ञापन
एआरओ व तहसीलदार कुलताज सिंह ने बताया कि पहले दिन दो नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं जबकि नामांकन प्रक्रिया के लिए अभी दो दिन शेष हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में और प्रत्याशी भी नामांकन दाखिल करेंगे।
पहले दिन की शुरुआत ने ही साफ संकेत दे दिए हैं कि इस बार दौलतपुर चौक में चुनाव रोचक और कांटे का मुकाबला होने जा रहा है। अब नजरें अगले दो दिनों पर टिकी हैं, जब और चेहरे चुनावी मैदान में उतरकर सियासी समीकरण बदल सकते हैं।