संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। अंब के रपोह स्थित धरूही वन क्षेत्र में खैर के पेड़ों के अवैध कटान के मामले में अंब थाना पुलिस ने दो वाहनों को कब्जे में लिया है। यह मामला गत 11 दिसंबर की रात का है, जब वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान जंगल में दो संदिग्ध वाहनों को देखा था। वन रक्षकों के पास पहुंचने से पहले ही एक सफेद स्विफ्ट डिजायर और एक इनोवा कार सवार मौके से भाग गए थे। अगली सुबह जांच करने पर रिजर्व फॉरेस्ट धरूही में खैर के तीन पेड़ कटे हुए पाए गए थे, जिससे सरकारी संपत्ति को लगभग 2.85 लाख रुपये का नुकसान हुआ था।
वन विभाग ने इस चोरी के संबंध में संदिग्धों के नाम और वाहनों के नंबर पुलिस को सौंपे थे। साथ ही साक्ष्य के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाए गए थे। जिनमें रात के समय इन वाहनों की आवाजाही की पुष्टि हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही।