ऊना। जिला ऊना की पंजाब सीमा से सटी नगर पंचायत टाहलीवाल में जून माह के दौरान हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है और दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करके शनिवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने चोरी मामले में संलिप्त आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड में भेजने के आदेश दिए हैं। वहीं इस वारदात में एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था, जो फिलहाल बाहर है और उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पंजाब में चोरी सहित विभिन्न आपराधिक मामलों के 10 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह से अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी।
जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने में हाल ही में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से स्थापित सीसीटीवी नेटवर्क आईना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में पंजाब के लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, कपूरथला, करतारपुर सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी और करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी बेहद शातिर हैं और कभी भी एक स्थान पर अधिक समय तक नहीं रुकते। इसके अलावा वे किसी एक स्थायी मोबाइल नंबर का भी इस्तेमाल नहीं करते, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस का मानना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य भी जल्द गिरफ्त में होंगे और चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान हरविंदर सिंह उर्फ काकू पुत्र गुरचैन सिंह निवासी गांव भनाम, तहसील नंगल, जिला रूपनगर (पंजाब) तथा परमेंद्र कुमार उर्फ अंकु निवासी गांव सहजोवाल, तहसील नंगल, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए थाना टाहलीवाल के प्रभारी रिंकू, थाना सदर के प्रभारी गौरव भारद्वाज, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट सहित कुल चार विशेष टीमों का गठन किया गया था।