संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में अब दो स्थानों पर क्षय रोग की जांच के लिए बलगम के ट्रूनाट टेस्ट की सुविधा मिलेगी। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के बाद अब नागरिक अस्पताल अंब में आधुनिक ट्रूनाट मशीन स्थापित कर दी गई है। इससे क्षय रोग की पुष्टि के लिए सैंपल को जिला क्षय रोग प्रयोगशाला में नहीं भेजना पड़ेगा।
अंब अस्पताल में स्थित प्रयोगशाला में ट्रूनाट टेस्ट कर उसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस आधुनिक मशीन के स्थापित होने से स्वास्थ्य खंड अंब के तहत 50 से अधिक पंचायतों को लाभ मिलेगा। जिले के सबसे बड़े उपमंडल में से एक अंब उपमंडल के लोगों को टीबी की जांच के लिए अब ऊना स्थित प्रयोगशाला पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब नागरिक अस्पताल अंब में क्षय रोग की जांच के लिए किए जाने वाले ट्रूनाट टेस्ट की सुविधा मिलेगी।
बता देें कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से क्षय रोग की जांच के लिए ट्रूनाट टेस्ट किए जाते हैं। वर्तमान समय में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना स्थित क्षयरोग प्रयोगशाला में जांच के लिए सैंपल भेजे जाते हैं। जिले भर से क्षय रोग संबंधित ट्रूनाट सैंपल जिला प्रयोगशाला में भेेजे जाते हैं। ऐसे में जिला मुख्यालय स्थित प्रयोगशाला में सैंपल की संख्या बढ़ जाती है। इससे कई बार सैंपल की रिपोर्ट आने में समय लग जाता है।
नागरिक अस्पताल अंब में अब ट्रूनाट टेस्ट की आधुनिक मशीन स्थापित होने से स्वास्थ्य खंड अंब से संबंधित सभी ट्रूनाट टेस्ट अंब अस्पताल में ही हो जाएंगे। साथ ही जिला क्षयरोग प्रयोगशाला का भार कम होगा। इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गर्ग ने कहा कि अंब अस्पताल में ट्रूनाट टेस्ट की सुविधा शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।