हरोली (ऊना)। क्षेत्र के लोअर बढेड़ा गांव में बने नशा निवारण केंद्र के संचालक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात तीन नकाबपोश लोगों ने नशा छुड़ाओ केंद्र में घुसकर मारपीट को अंजाम दिया और उसके बाद आरोपी केंद्र संचालक को बाथरूम में बंद कर उसकी कार, लाइसेंसी बंदूक, नकदी और मोबाइल चोरी कर फरार हो गए।
बताया जा रहा कि तीनों आरोपी पड़ोसी राज्य पंजाब से थे और किसी पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पंजाब की ओर भाग निकले। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम आरोपियों के तलाश में पंजाब भी गई है, जो शुक्रवार को लौटेगी।
नशा निवारण केंद्र के संचालक राहुल सिंह ने बताया कि लोअर बढेड़ा गांव में उसकी माता के नाम से नशा निवारण केंद्र चलाया जा रहा है। बीती रात को जब वह केंद्र में ही बने कमरे में सो रहा था तो देर रात तीन नकाबपोश लोग दरवाजे की कुंडी तोड़ कमरे में घुसे और उस पर ताबतोड़ डंडों से हमला कर दिया।
इसके बाद जाते समय आरोपी उसे बाथरूम में बंद करके चले गए। जब उसने शोर मचाया तो केंद्र का कर्मी आया और उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसने कमरे की जांच की तो वहां से उसकी लाइसेंसी बंदूक, कार, नकदी सहित पर्स और मोबाइल गायब था। राहुल सिंह ने बताया कि पिछले महीने पंजाब के कुछ लोगों ने उसके केंद्र पर आकर झगड़ा किया था। हो सकता है कि ये नकाबपोश वही लोग हों।
पुलिस थाना हरोली ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि आरोपियों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। इसके अलावा एक टीम को पंजाब में छानबीन के लिए भेजा गया है, जो आज यानी शुक्रवार को लौटेगी।