मैहतपुर (ऊना)। नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा में चुनावी जंग में प्रचार के दौरान सोशल मीडिया पर एक से बढ़कर एक चुनावी दावे किए गए हैं। किसी ने चिट्टा मुक्त नगर परिषद बनाने तो किसी ने 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के दावे जनता से किए। बहुत कम वार्ड प्रत्याशी ऐसे थे जिनके घोषणा पत्र में नगर परिषद की जनता से जुड़े कॉमन मुद्दे रहे। अधिकतर वार्डों में वार्ड से जुड़े मुद्दों को ही अधिमान दिया गया। अब रविवार को तस्वीर साफ होगी कि मतदाताओं ने किस उम्मीदवार के वादों पर भरोसा जताया है।
एक निर्दलीय प्रत्याशी पंडित रामकृष्ण ने मेमोरियल सीएचसी में 24 घंटे चिकित्सा सेवा की बहाली के मुद्दे पर फोकस रखा। सोशल मीडिया के चुनावी प्रचार में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की सुविधा से लेकर आधुनिक लैब खोलने के बड़े-बड़े दावे किए गए।
कई प्रत्याशी अधूरे पड़े पटवार घर का कार्य पूरा करवाने तथा कुछ ने नगर परिषद के क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या का पुख्ता हल करवाने का दावा किया।
किसी भी वार्ड प्रत्याशी ने गलियों में खड़ी रहने वाली गाड़ियों को लेकर नगर परिषद की जनता का कॉमन मुद्दा पार्किंग की समस्या को नहीं उठाया।
स्थानीय नगरवासियों अमित कुमार, राजीव कुमार, विरेंद्र और सुदर्शन का कहना है कि नगर परिषद में पार्किंग की सुविधा का न होना लोगों की बड़ी समस्या बन चुकी है।