मैहतपुर ( ऊना )। श्रावण मास में सोमवार को शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करने की इच्छा रखने वाले शिव भक्तों के लिए डाक विभाग सोमवार 10 अगस्त को गंगाजल उपलब्ध करवाएगा।
ऊना जिला के चार प्रमुख शिव मंदिरों में डाक विभाग गंगाजल के स्टॉल लगाकर शिव भक्तों की सुविधा के लिए गंगाजल उपलब्ध करवाने जा रहा है।
ऊना जिला के चार प्रमुख एवं प्राचीन शिव मंदिरों में शिवबाड़ी गगरेट, सदाशिव महादेव तलमेहड़ा, कोटला महादेव मंदिर तथा चताड़ा का बनौड़े महादेव शिव मंदिर शामिल है, यहां डाक विभाग सोमवार 10 अगस्त को विशेष गंगाजल के स्टॉल लगाने जा रहा है।
विभाग 200 एमएल की गंगाजल की बोतल 30 रुपये में उपलब्ध करवाएगा, जिन्हें खरीद कर शिव भक्त न केवल शिवलिंग पर अर्पित कर सकेंगे बल्कि अपने घरों को भी ले जा सकेंगे।
डाक मंडल ऊना के अधीक्षक बलवीर चंद बताया कि श्रावण मास के सोमवार को शिव भक्तों की मांग पर डाक विभाग यह सुविधा उपलब्ध करवाने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अनेक लोग ऐसे हैं जो हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिवलिंगों पर अर्पित करने में असमर्थ रहते हैं, ऐसे में डाक विभाग की ओर से उनकी आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने यह पहल की है, ताकि बच्चे, बुजुर्ग तथा अन्य सभी शिव भक्त विभाग कि इस योजना का लाभ उठा सके और अपनी आस्था के अनुरूप भगवान शंकर का गंगाजल से अभिषेक करवा सकें।