भवन टूटने के बाद मलबे और अन्य व्यवस्थाओं के लिए टेंडर आवंटन शुरू
दो सप्ताह के भीतर टेंडर आवंटन को किया जाए पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगर निगम ने शहर में 18 जर्जर भवनों को असुरक्षित घोषित कर उन्हें गिराने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसे सितंबर माह में पूरा कर कार्य आवंटित कर दिया जाएगा। इन भवनों में पौड़ियां वाला बाजार ऊना का एक भवन, मोहल्ला कटियाणा का एक भवन, वार्ड सात के तीन भवन, गीता मंदिर के समीप मोहल्ला शिवाला का एक भवन, वार्ड आठ का एक भवन, वार्ड दस का एक भवन, वार्ड पांच के आठ भवन और वार्ड छह का एक भवन शामिल हैं।
भवन गिराने के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। कार्य शुरू करने से पहले साइट का परीक्षण निजी कंपनी की ओर से किया जाएगा। भवनों के मलबे को सुरक्षित रूप से हटाकर डंपिंग साइट तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी टेंडर लेने वाली कंपनी की होगी।
नगर निगम ने शहर में जर्जर भवनों को गिराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे सितंबर माह में पूरा कर आगामी कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा शहर में ड्रेनेज नालियों की सफाई का कार्य भी लगातार जारी है। -महेंद्र पाल गुर्जर, आयुक्त, नगर निगम ऊना