थानाकलां/बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ की समूर कलां पंचायत में आयोजित सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया।
समारोह में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला कोटला कलां और चताड़ा टीमों के बीच हुआ। प्रतियोगिता में कोटला कलां विजेता जबकि चताड़ा टीम उपविजेता रही।
मुख्यातिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया तथा आयोजकों को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने समूर कलां के खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने और पंचायत में संपर्क सड़क बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। विधायक ने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं।
क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं और युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों और शिक्षा से जुड़ने का आह्वान किया।