ऊना। हमीरपुर से ऊना के बीच चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की ई-बस की समयसारिणी को लेकर निजी बस ऑपरेटरों और निगम के कर्मचारियों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे ऊना अंतरराज्यीय बस अड्डा पर निजी बस के परिचालक और हमीरपुर डिपो की ई-बस के परिचालक में कहासुनी हो गई। हालांकि, कुछ देर बाद मामला शांत हो गया।
ई-बस के चालक-परिचालक के अनुसार, बस हमीरपुर से सुबह करीब नौ बजे चलती है। बंगाणा पहुंचने पर निजी बस के चालक-परिचालक अक्सर समयसारिणी को लेकर सवाल उठाते हैं। उनका कहना है कि वे निगम की बस निर्धारित समय के अनुसार ही चला रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें बार-बार बहस का सामना करना पड़ता है।
दरअसल, इस रूट पर पहले निगम की एसी बस सेवा संचालित होती थी लेकिन किन्हीं कारणों से इसे बंद कर दिया गया था। इलेक्ट्रिक बसें मिलने के बाद हमीरपुर डिपो ने हमीरपुर से ऊना तक बस सेवा दोबारा शुरू की। इसके बाद से ही रूट पर बसों के समय को लेकर निजी बस ऑपरेटरों और निगम के कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति सामने आती रही है। ऊना डिपो के कार्यकारी उपमंडलीय प्रबंधक राजेश जोशी ने बताया कि निगम की बसें अपनी समयसारिणी के अनुसार ही चलती हैं। चालक और परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी समयसारिणी के अनुसार ही बसों का संचालन करें।