आरोप, खैर के पेड़ों के अवैध कटान में विभाग के ही कर्मचारी संलिप्त
विकास योजनाओं पर हुई चर्चा, 3.61 करोड़ रुपये के आय-व्यय अनुमोदन को मंजूरी
जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर हुई व्यापक चर्चा, विधायक विवेक शर्मा भी हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी ने की। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मार्च से जून 2025 की अवधि के लिए लगभग 3.61 करोड़ रुपये के आय-व्यय अनुमोदन को मंजूरी प्रदान की गई। साथ ही 15वें वित्त आयोग के तहत कार्ययोजनाओं में संशोधन के लिए 13 लाख रुपये तथा अनुपूरक कार्यों के लिए 4.47 लाख रुपये की राशि का अनुमोदन भी किया गया। इस दौरान कुटलैहड़ क्षेत्र के रामगढ़ धार की रामगढ़ बीट के सरकारी जंगलों में हुए खैर के अवैध कटान का मामला उठा। जिला परिषद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए वन विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सुनियोजित अवैध कटान में विभागीय कर्मचारी भी संलिप्त हो सकते हैं और इसकी गहन जांच की मांग की। जवाब में जिला वन पर्यवेक्षक ऊना सुशील राणा ने बताया कि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध कटान की पुष्टि हुई है और कुछ वन काटुओं को गिरफ्तार भी किया गया है। संदिग्ध वन रक्षक को तत्काल गगरेट फॉरेस्ट चेक पोस्ट में स्थानांतरित किया गया है और उसके विरुद्ध विभागीय जांच आरंभ कर दी गई है। उसे कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अधिकारी ने आश्वस्त किया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
लंबित कार्यों के अपलोड का निर्देश
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिला पंचायत एडवांसमेंट शेल्फ पोर्टल पर लंबित कार्यों का विवरण ग्राम सभा की स्वीकृति सहित 31 जुलाई तक अपलोड करना सुनिश्चित करें।
जनसमस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक में सदस्यों ने सड़कों, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन और बिजली से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। विशेष रूप से ऊना-भोटा मुख्य मार्ग, नलवाड़ी-तलमेड़ा और तलमेड़ा-डीहर-राजपुर सड़क की क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत तथा बुडवार पंचायत को लठियाणी-मंदली पुल से जोड़ने की मांग प्रमुख रही।
विधायक ने दिए विकास कार्यों को गति देने के निर्देश
विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में कोई विलंब न हो। उन्होंने घरों के पास लटकते बिजली तारों की मरम्मत, सड़कों के किनारे जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और सभी पुलियों के साथ अप्रोच रोड को पक्का करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं में मृत व्यक्तियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी हुए सम्मानित
विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को जिला परिषद की ओर से सम्मानित किया गया।