अंब (ऊना)। ऊना जिला में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश होने से अब 18 के करीब बाइक चोरी के मामले सुलझने की आस जगी है। इन सबके बीच एक हैरानी की बात सामने आई है कि इन आरोपियों ने अपने शौक पूरे करने के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये के बुलेट 12,000 और कई बाइक 5,000 रुपये में बेच दीं। मामला सिर्फ यहां तक ही गंभीर नहीं है। शनिवार को अंब थाना पुलिस ने जिन चार लोगों को पकड़ा है। सभी युवा हैं और उनमें से एक कॉलेज, एक स्कूल और एक आईटीआई का विद्यार्थी है।
जिले में शायद ऐसा मामला पहली बार सामने आया है कि इतनी छोटी उम्र के युवाओं का नाम किसी न किसी रूप में चोरी के मामलों से जुड़ा है। एक युवक की उम्र तो महज 17 साल बताई जा रही है। जिसके पास से चोरी की गई बाइक बरामद हुई है। एक अन्य युवक जिसके पास चोरी का बुलेट है, जो कि अभी बरामद किया जाना है। वह एक कॉलेज का छात्र है। चोर गिरोह कितना बड़ा है और इसका दायरा कहां तक है। यह पुलिस की जांच के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन अभी तक बरामद की गई तीन बाइक में से दो बाइक ऊना क्षेत्र से हैं। जबकि एक बाइक चोरी की शिकायत अंब थाना में दर्ज थी। यह वाहन लगभग दो माह पूर्व पुलिस ने मुबारिकपुर में बिना कागजात होने के कारण जब्त किया था, लेकिन आरोपियों के पकड़े जाने के बाद खुलासा हुआ कि बिना नंबर प्लेट की बाइक क्षेत्र से ही चोरी की गई थी, जिसे पुलिस ने जब्त किया था।
चोर गिरोह में कितने लोग हैं। कहां-कहां से वाहन चोरी कर किन क्षेत्रों में बेचे गए हैं। क्या सिर्फ क्षेत्र के युवा ही इस गिरोह में शामिल हैं या अन्य राज्यों के लोग भी इसमें शामिल हैं। कौन लोग चोरी को अंजाम देते हैं और कौन लोग चोरी की गाड़ियों को आगे बेचते हैं और किन लोगों को ये वाहन बेचे गए हैं। सारे नेटवर्क की जांच पुलिस की पड़ताल में कई जाएगी, लेकिन अभी तक नजर आ रही तस्वीर में यह तो अंदाजा लगने लगा है कि इस दलदल में बहुत कम उम्र के युवा शामिल हैं और एक लाख और उससे अधिक कीमत के वाहनों को इतनी कम कीमत में बेचा जाना और भी हैरान करने वाला है।