चिंतपूर्णी (ऊना)। शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को चौथे नवरात्र पर श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। 25 हजार से करीब श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। दिनभर जय माता दी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा।
इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं, जो दोपहर तक होटल जगदंबा तक पहुंच गईं। भारी भीड़ को देख कर कई श्रद्धालु सुगम दर्शन प्रणाली से मंदिर पहुंचे, जबकि कुछ श्रद्धालु दर्शन न कर पाने की वजह से बिना दर्शन किए वापस घर लौट गए।
रविवार को उमड़ी भीड़ को देखते हुए मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने लाइनों की धीमी गति को नियंत्रित करने के लिए पूरे बाजार का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद दर्शन के लिए लगी लाइनों की गति तेज हुई और श्रद्धालुओं को लंबी प्रतीक्षा से निजात मिल पाई।
संजीव प्रभाकर ने बताया कि रविवार को दोपहर तक स्थिति काफी गंभीर हो गई थी, लेकिन कर्मचारियों के उचित निर्देशन से श्रद्धालुओं की परेशानी कम की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल भी तैनात किया गया था, और पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। सेक्टर मैजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद रहे।
भीड़ के चलते नहीं कर पाए दर्शन
राजस्थान से आए पीतांबर दत्त ने बताया कि भीड़ ज्यादा होने के कारण वह दर्शन नहीं कर पाए। वहीं, हरियाणा के नारायणगढ़ से आई बिमला भी दर्शन न कर पाई और सड़क पर माता को दंडवत होकर वापस हरियाणा के लिए चल दी। उन्होंने कहा कि अब शायद ही मैं दोबारा आ पाऊं, क्योंकि सेहत भी ठीक नहीं रहती और भीड़ के कारण घंटों लाइनों में खड़े रहना मुश्किल हो जाता है।