चिंतपूर्णी मंदिर में श्रदालु मां के दर नतमस्तक होते हुए ।संवाद
चिंतपूर्णी/भरवाईं (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में दूसरे नवरात्र पर 10 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और विधिवत पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। दूसरे मेले पर भी श्रद्धालुओं की लाइनें नदारद रहीं। इस दौरान मंदिर आयुक्त जतिन लाल ने भी माता चिंतपूर्णी मंदिर में हाजिरी भरी। इस दौरान उन्होंने हवन-यज्ञ करके आहुतियां डालीं और श्रद्धालुओं को चैत्र नवरात्र मेले की बधाई दी। उन्होंने बताया कि चैत्र नवरात्र मेले पर मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा से मंदिर में हाजिरी भर रहे हैं । इस दौरान उनके साथ मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर और एसीएफ राजेंद्र कटोच भी मौजूद रहे। आने वाले दिनों में भीड़ रहने पर उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।
वहीं दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भीड़ अपेक्षाकृत कम देखने को मिली। मंदिर परिसर में लंबी-लंबी कतारें नजर नहीं आईं, जिससे भक्तों को बेहद सुविधाजनक तरीके से कुछ ही मिनटों में माता रानी के दर्शन करने का अवसर मिला। इसके साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को अधिक देर तक बैठने की अनुमति नहीं दी जा रही है ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे और सभी भक्तों को आसानी से माता के दर्शन हो सकें। मंदिर प्रशासन के अनुसार चैत्र नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर न्यास को 7 लाख 76 हजार रुपये का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। नवरात्र के पावन अवसर पर दूर-दराज से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मोईन पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। आने वाले दो-तीन दिनों में छुट्टियों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत कर दिया है। इसी क्रम में डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने मोइन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेला क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया।
चिंतपूर्णी मंदिर में श्रदालु मां के दर नतमस्तक होते हुए ।संवाद