संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरवाईं में सड़क सुरक्षा इकाई के अंतर्गत विद्यार्थियों की यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसमें छठी से बारहवीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य निर्मल कुमार ने किया। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के लक्ष्यों के प्रति जागरूक किया और गुरु-शिष्य संबंधों की महत्ता बताते हुए आदर की भावना बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों को रचनात्मक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। छात्रों ने चित्रकला, निबंध लेखन और स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रधानाचार्य निर्मल कुमार ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए और सभी से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।