नंगल। उपमंडल नंगल के गांव भलाण में शुक्रवार को स्वां नदी में डूबने से एक दसवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्र की पहचान बंटी सिंह निवासी गांव सवाड़ा जिला रूपनगर के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार बंटी सिंह अपने दोस्तों के साथ स्वां नदी में नहाने गया था। इस दौरान उसका अचानक पैर फिसला और वह गहरे पानी में जा गिरा। गोताखोरों की टीम ने कड़ी मशक्कत कर शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में स्वां नदी के आसपास हुए खनन के कारण कई स्थानों में पानी की गहराई काफी अधिक है। यहां लोगों की जान को हमेशा खतरा बना रहता है।
वहीं, एडवोकेट विशाल सैनी ने कहा कि स्वां नदी में हुए खनन के कारण ही बच्चे की डूबकर मौत हुई है। थाना प्रभारी सब इंसपेक्टर दानिश वीर सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। कहा कि मामले की जांच जारी है। संवाद