गगरेट (ऊना)। गगरेट थाना क्षेत्र के चलेट चौक में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार से आई बिना नंबर की बाइक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग और उनका पांच वर्षीय पोता घायल हो गए जबकि बाइक सवार दोनों युवक वाहन सहित मौके से भाग गए।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार चलेट निवासी राजीव कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान राजेंद्र कुमार अपने पांच वर्षीय पोते प्रज्जवल के साथ स्कूटी पर घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने चलेट चौक पार किया, दौलतपुर की ओर से तेज गति से आई लाल-काले रंग की बिना नंबर बाइक ने स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद राजेंद्र कुमार और उनका पोता सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में राजेंद्र कुमार के सिर, पीठ और बाजू पर चोटें आई हैं जबकि प्रज्जवल को माथे और बाजू पर हल्की चोटें लगी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद बाइक सवार दोनों युवक बिना रुके दौलतपुर रेलवे स्टेशन की दिशा में भाग निकले। शिकायतकर्ता ने बताया कि सामने आने पर वह दोनों युवकों की पहचान कर सकता है।
डीएसपी अंब अनिल पाटियाल ने बताया कि अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।