गगरेट (ऊना)। विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत कुनेरन में आयोजित तीन दिवसीय दंगल में देशभर से पहुंचे पहलवानों ने दमखम दिखाया। बड़ी माली में रोहतक के सोमवीर पहलवान ने अमन बड़ोवाल को हराकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता सोमवीर को 71 हजार रुपये नकद और पीतल का गुर्ज दिया गया। अमन बड़ोवाल उपविजेता रहे। छोटी माली के मुकाबले में इंद्रजीत अटारी ने हरदीप रोहतक को हराकर विजेता का खिताब जीता। उन्हें 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
अन्य पहलवानों ने भी कुश्ती कला का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। समापन अवसर पर गगरेट के विधायक राकेश कालिया मुख्यातिथि रहे। उन्होंने दंगल कमेटी के पदाधिकारियों के साथ विजेता और उपविजेता पहलवानों को सम्मानित किया।
कमेटी ने विधायक राकेश कालिया, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, जिला परिषद ऊना के चेयरमैन पवन नंबरदार और भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विश्वजीत सिंह को पगड़ी और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक राकेश कालिया ने कुनेरन में विकास कार्यों के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने दंगल कमेटी को 21 हजार, चैतन्य शर्मा ने 31 हजार और विश्वजीत सिंह ने 31 हजार रुपये आयोजन के लिए दिए।
दंगल में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन ने पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को इस खेल से जुड़ने का संदेश दिया।
इस मौके पर नंबरदार रणजोध सिंह, नंबरदार तरसेम सिंह, प्रिंसिपल टेक चंद परमार, भाजपा नेता सतपाल, जिला पार्षद गुरमुख सिंह, पंचायत प्रधान गुरवचन सिंह, उपप्रधान सुरजीत सिंह, प्रिंसिपल संतोष परमार, प्रिंसिपल सतीश परमार, कैप्टन सरवजीत सिंह, कैप्टन संदीप परमार सहित अन्य मौजूद रहे।