ऊना। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने मैड़ी क्षेत्र में अचानक दबिश देकर सरसों और रिफाइंड तेल, ठंडे पेय पदार्थ, चाय की पत्ती और दालों समेत 15 खाद्य वस्तुओं के सैंपल लिए।
टीम की कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त जगदीश धीमान ने बताया कि त्योहारी सीजन से पहले विभाग की ओर से जिले के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। आम जनता की शिकायतों के आधार पर भी खाद्य वस्तुओं के सैंपल लिए जा रहे हैं।
मैड़ी से लिए गए सभी सैंपलों को सील कर जांच के लिए कंडाघाट स्थित लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले चिंतपूर्णी में भी शिकायत के आधार पर देसी घी के सैंपल लिए गए थे।
मिलावट की सूचना देने की अपील
विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी खाद्य वस्तु में मिलावट, गुणवत्ता में कमी या अन्य अनियमितता नजर आती है तो इसकी सूचना विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।