ऊना। सोशल एंड सेवर्स लाइफ संस्था अपने नेटवर्क से रक्तदान की सेवा कर रही है। रक्तदान करने के लिए संस्था के साथ जिले सहित प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से सैकड़ों रक्तदानी जुड़े हैं।
अब तक संस्था पांच हजार यूनिट से अधिक रक्त दान कर जरूरतमंदों को मुहैया करवाकर जान बचा चुकी है। संस्था के चेयरमैन गणेश खुद 70 बार रक्तदान कर चुके हैं। गणेश के साथ वाइस चेयरमैन आकाश कश्यप दिन-रात निशुल्क लोगों की सेवा कर रहे हैं। व्हाट्सग्रुप के जरिये रक्त की मांग आने पर संस्था के स्वयंसेवी रक्त उपलब्ध करवाने में जुट जाते हैं।
इस काम को करते हुए गणेश को 25 साल हो गए हैं। कई गंभीर मामलों में रक्त उपलब्ध करवाकर उन्होंने मरीजों की जान को बचाया है। रक्त मुहैया करवाने के अलावा सोशल एंड सेवर्स लाइफ संस्था रक्तदान शिविर भी आयोजित करती है। संस्था की ओर से रक्तदाताओं को घर से अस्पताल और अस्पताल से वापस घर भी छोड़ने की निशुल्क व्यवस्था की जा रही है। गणेश ने बताया कि रक्तदान करने को लेकर लोगों को काफी भ्रांतियां हैं। इससे लोगों को जागरूक होना अति आवश्यक है।
रक्तदान करने से शरीर में कोई भी कमजोरी नहीं आती है। बल्कि रक्तदान करने के 24 घंटे में शरीर में नया रक्त बन जाता है। इससे शरीर भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण अभी बड़े रक्तदान शिविर नहीं लगाए जा रहे हैं।
हर वर्ष रक्तदान करते हैं दंपती
अशोक राणा ने कहा कि वह और उसकी पत्नी हर वर्ष शहीद संजीव भारद्वाज यूथ क्लब दुलैहड़ के माध्यम से रक्तदान करते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान जरूर करें। इससे किसी की जान बच सकती है।