ऊना। विस क्षेत्र हरोली के तहत कर्मपुर गांव के दो युवकों पर धारदार हथियारों और बेसवाल के बैट से हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आठ से दस लोगों ने मिलकर दोनों युवकों पर जमकर लात, घूंसे और गंडासी सहित अन्य धारदार हथियारों और बेसबाल के बैट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट की वारदात से गांव के लोगों में दहशत है।
हरोली के कर्मपुर गांव के नितिन कुमार ने पुलिस के पास शिकायत की कि उसके गांव दो युवक उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ करते हैं। शनिवार को उसके गांव के कर्णवीर, राहुल, अजय, गौरव, तरुण, अभी और उसके साथियों ने उसके और उसके ताया के लड़के पंकज पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने तलवार, दराट और गंडासी सहित बेसबाल के बैट से हमला कर उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। उन्होंने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मारपीट से घायल नितिन कुमार और पंकज को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी अर्जित सेन ठाकुर का कहना पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 341, 147, 149, 506 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।