मेले में दिव्यांगों के लिए ई-कार्ट के साथ व्हील चेयर की सुविधा
आज सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नवोदित कलाकार बटोरेंगे वाहवाही
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट के ऐतिहासिक और पौराणिक शिवबाड़ी मेले का शनिवार को विधिवत आगाज हो गया। कैथोलिक चर्च के प्रमुख धर्मगुरु पोप फ्रांसिस की शनिवार को अंत्येष्टि के चलते केंद्र सरकार की ओर से घोषित राष्ट्रीय शोक के चलते शिवबाड़ी मेले के शुभारंभ पर कोई कार्यक्रम नहीं हुआ और न ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
प्रसिद्ध द्रोण महादेव मंदिर में जंगमों की ओर से शिव महिमा की दी गई विहंगम प्रस्तुति के बीच शिव भक्तों ने पवित्र शिवलिंग के आगे नतमस्तक होकर महादेव का आशीर्वाद लिया। शिवबाड़ी मेले में व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए मेला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर कर्मचारी तैनात किए गए।मेला क्षेत्र को दो सेक्टर में बांटा गया है जबकि मेला क्षेत्र में वन-वे ट्रैफिक सिस्टम बहाल किया गया है। दिव्यांगों व चलने-फिरने में असमर्थ लोगों के लिए ई-कार्ट की व्यवस्था के साथ व्हील चेयर की व्यवस्था भी की गई है। द्रोण महादेव मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है तो शिवभक्त यहां आकर सुखद अनुभूति का एहसास कर रहे हैं। मेला ग्राउंड में विभिन्न प्रकार के झूले लोगों के लिए सजे हुए हैं तो कई अस्थायी दुकानें भी लग चुकी हैं। यहां आने वाले लोग मेले में लगे झूलों का लुत्फ उठाकर आनंदित हो रहे हैं। शनिवार को मेले के पहले दिन हजारों लोगों ने शिरकत की। मेले के दूसरे दिन रविवार को लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। मेले के दूसरे दिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खूु की पत्नी और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। विधायक राकेश कालिया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत शिव जंगमों की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले शिव विवाह से होगी। इसके बाद स्थानीय कलाकारों को मंच से अपनी प्रस्तुतियां देने का मौका मिलेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण स्टार नाइट होगा। पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर, पहाड़ी लोक गायक करनैल राणा, इंडियन आइडल फेम कुमार साहिल व वायस आफ पंजाब की फाइनलिस्ट दिशिता सिंह अपनी परफार्मेंस से मेला लूटने का प्रयास करेंगे।