ऊना। जिले के सरकारी स्कूलों में वीरवार को 12वीं कक्षा की राजनीतिक शास्त्र की परीक्षा हुई। परीक्षा सुबह 8:45 से दोपहर 12:00 बजे तक हुई। स्कूलों में किए गए प्रबंधों पर पैनी नजर रही। एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने उड़नदस्ता दलों के साथ उपमंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
कोरोना एसओपी के साथ परीक्षा से जुड़े अन्य प्रबंधों को जांचा गया। स्कूलों में अचानक उड़नदस्ता दलों के पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। हालांकि, जांच के दौरान परीक्षा केंद्रों में बच्चे मास्क और उचित दूरी के साथ बैठे मिले। कोविड एसओपी और परीक्षा से जुड़ी कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई।
एसडीएम डॉ. निधि पटेल ने बताया कि वीरवार को उन्होंने अपनी टीम के साथ चार स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। स्कूलों में प्रबंध ठीक पाए गए। किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उसे सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभी प्रबंधक कोविड एसओपी के पालन की व्यवस्था को बनाकर रखें। बता दें कि जिले के सरकारी स्कूलों में बारहवीं के 5755 विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। नौवीं से 12वीं कक्षा तक की कक्षाओं की पहले सत्र की परीक्षाएं चल रही हैं।