भरवाईं (ऊना)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर के 70 करोड़ रुपये के सौंदर्यीकरण और विकास के प्रोजेक्ट को जल्द रफ्तार मिलने वाली है। प्रशासन को उम्मीद है कि इसी महीने परियोजना का टेंडर जारी कर कार्य आवंटित कर दिया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए मंदिर के आसपास अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। प्रशासन स्थानीय भू-मालिकों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए और परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
परियोजना के तहत मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और चिंतपूर्णी क्षेत्र की धार्मिक एवं पर्यटन पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।
श्रावण मेले की तैयारियां शुरू
एसडीएम अंब पारस अग्रवाल आगामी श्रावण मेले को लेकर भी प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जल्द विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विस्तृत कार्ययोजना तैयार होगी।