रूपनगर से दबोचा गया हरदीप सिंह उर्फ हैप्पू, तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। टाहलीवाल क्षेत्र में मई माह के अंत में हुई करीब 20 लाख रुपये की सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का जिला पुलिस ने पूरी तरह खुलासा कर दिया है। मामले में फरार चल रहे तीसरे और अंतिम आरोपी हरदीप सिंह उर्फ हैप्पू को पंजाब के रूपनगर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने टाहलीवाल क्षेत्र के विभिन्न मकानों में सेंध लगाकर करीब 20 लाख रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी किए थे। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मामले से जुड़े सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि जिला पुलिस अपराधों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।