शनिवार सुबह बंगाणा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई जगह सड़क में ल्हासे गिर जाने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पिपलू पंचायत के बैहरड़ गांव में बीएसएनएल टावर के पास सड़क पर ल्हासा गिरने से वाहनों सहित राहगीरों की मुश्किलें भी बढ़ गईं।
क्षेत्र निवासी राम लाल, ज्ञान चंद, रोशन लाल, अमृत लाल, गणेश आदि ने बताया कि शनिवार सुबह सोलहसिंगी धार पर भारी बारिश के चलते सड़क पर ल्हासे गिर गए। इसके चलते वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोनिवि बंगाणा ने सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही तुरंत जेसीबी को मौके पर पहुंचा कर यातायात को बहाल करवाया। उधर, नलवाड़ी-तलमेहड़ा रोड पर भी ल्हासे गिरने की सूचना मिलते ही विभाग ने तुरंत रास्ते को खुलवा दिया। लोनिवि बंगाणा के एक्सईएन मस्त राम राणा का कहना है कि सड़क पर ल्हासे गिरने की सूचना मिलने के तुरंत बाद जेसीबी मशीन को मौके पर भेजकर यातायात को बहाल करवा दिया गया है।