ऊना में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करते बीएसपी कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बहुजन समाज पार्टी की जिला इकाई ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर भाजपा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साए बसपा कार्यकर्ताओं ने पीएम का पुतला फूंका। वहीं, रोष रैली निकाल कर उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष दयाशंकर द्वारा बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ कहे गए अपशब्दों को लेकर विरोध जताते हुए जमकर नारेबाजी की गई। बसपा ने रेडलाइट चौक पर आंशिक रूप से चक्का भी जाम किया। बसपा ने गुजरात के ऊना कस्बा में चार दलितों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर भी कड़ा ऐतराज जताया है।
बसपा नेताओं ने कहा कि दयाशंकर सिंह ने मायावती के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग कर भाजपा की सोच को भी जगजाहिर कर दिया है। उन्हें तत्काल मायावती से माफी मांगनी चाहिए। बसपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर रोष रैली निकालते हुए रोटरी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इसके बाद रोष रैली आगे बढ़ते हुए डीसी ऑफिस तक गई, जहां बसपा के जम्मू एंड कश्मीर और हिमाचल प्रदेश प्रभारी एमएल तोमर की अध्यक्षता में बसपा नेताओं ने धरना प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस मौके पर एमएल तोमर ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस गौरक्षा दल के नाम पर दलितों, मुस्लिमों और आम जनता पर अत्याचार कर रही है। इसका पुख्ता प्रमाण हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात में हुई दलित विरोधी ताजा घटनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि बसपा ऐसे कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश में बसपा के बढ़ते जनाधार से भाजपा बौखला गई है। इससे उसकी दलितों के प्रति हीन भावना सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मायावती के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग करने वाले दयाशंकर को यदि जल्द जेल न भेजा गया तो उसे बचाने वली बीजेपी को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस अवसर पर बसपा प्रदेशाध्यक्ष विजय नायर, प्रदेश प्रभारियों में पीएल जाटव, दयाचंद, नरेश जाटव, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र हीर, उपाध्यक्ष शैलेश दूबे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।