अग्निशमन विभाग की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर निकाला पानी
शहर के वार्ड 11 में मकान का गिरा डंगा
जलभराव के बाद सड़कों की हालत भी हुई खस्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहर में भारी बारिश के बाद उत्पन्न जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें शनिवार देर शाम तक राहत और बचाव कार्यों में जुटी रहीं। रविवार सुबह भी यह अभियान जारी रहा। दमकल विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानों और अन्य व्यावसायिक भवनों में भरे पानी को बाहर निकाला। जल भराव के चलते शहर की कई सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। संबंधित विभाग ने जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू करने और स्थिति को सामान्य करने का आश्वासन दिया है। शनिवार को वार्ड नंबर 11 में स्थित सत्या भवन का डंगा गिर गया, जिससे भवन के गिरने का खतरा मंडरा रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से त्वरित सहायता की मांग की है। रविवार को सब्जी मंडी के पास स्थित दुकानों, बचत भवन के समीप एक दुकान, रायंसरी के रास्तों और चताड़ा क्षेत्र के एक भवन की बेसमेंट से पानी निकाला गया। इसके अतिरिक्त श्मशान घाट के समीप स्थित गैस एजेंसी की बेसमेंट से भी दमकल विभाग ने पानी निकाला। इससे एजेंसी में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। प्रशासन की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शहर के जिन हिस्सों में अभी भी जल भराव है, वहां जल्द से जल्द पानी निकाला जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके।
कोट्स
शहर में रविवार को भी विभिन्न स्थानों से जमा हुआ पानी निकाला गया। सुबह से शाम तक यह प्रक्रिया जारी रही। नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। -अशोक कुमार, फायर स्टेशन अधिकारी, ऊना।