दौलतपुर चौक कालेज को सैनिटाइज करते हुए कर्मी।
- फोटो : Una
ऊना/दौलतपुर चौक। जिले में सरकार के निर्देशों के बाद आज से कॉलेज में नियमित कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। जिला भर के महाविद्यालयों में कक्षाएं लगाने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोविड एसओपी के तहत जिन कक्षाओं में 50 से कम छात्र हैं, उनकी कक्षाएं रोजाना लगाई जाएंगी। जिन कक्षाओं में 100 से अधिक छात्र हैं, उनकी कक्षाएं रोटेशन के आधार पर लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
जिले के कॉलेजों में एक सितंबर से नियमित पढ़ाई शुरू हो रही है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रदेश सरकार के दिशानिर्देश के अनुसार कोविड नियमों का पालन करते हुए नियमित पढ़ाई शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कॉलेजों में थर्मल स्क्रीनिंग का प्रावधान किया गया है। कॉलेज में बिना मास्क किसी को प्रवेश करने की इजाजत नहीं मिलेगी। ऊना कॉलेज के प्राचार्य डॉ. त्रिलोक चंद ने बताया कि सरकार के निर्देशों के बाद कक्षाएं लगाने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए स्टाफ को भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
दौलतपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके शर्मा ने बताया कि कॉलेज में भी कक्षाएं लगाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उचित दिशा निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों का मास्क पहनना आवश्यक रहेगा। मंगलवार को कॉलेज प्रशासन ने क्लास रूम को सैनिटाइज करके पूरी तरह से तैयार कर दिया है।