सड़क पर बहने लगा रिफाइंड, यातायात हुआ बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल में शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे एक रिफाइंड से भरा टैंकर हनुमान मंदिर बाथड़ी के पास ढलानदार सड़क से नीचे आते समय पलट गया। यह टैंकर गुजरात से क्रीमिका बिस्कुट फैक्टरी के लिए रिफाइंड लेकर आ रहा था। हादसे के दौरान टैंकर चालक का नियंत्रण खो जाने की वजह से यह मोड़ पर पलट गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद काफी देर यातायात बेहद धीमी गति से आगे बढ़ पाया।
टैंकर चालक 33 वर्षीय नारायण राम पुत्र देवा राम निवासी गांव नसौड़ा तहसील गुड़ामालानी, जिला बाड़मेर, राजस्थान ने बताया कि वाहन के ब्रेक ने अचानक काम करना बंद कर दिया। प्रेशर कम होने के कारण टैंकर अनियंत्रित हो गया। दुर्घटना के बाद टैंकर में लोड रिफाइंड सड़क पर फैल गया। इससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस की प्राथमिक जांच में चालक की कोई गलती सामने नहीं आई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। मामले की जांच जारी है।