गगरेट(ऊना)। जिला परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान अंबोटा वार्ड का परिणाम सबसे अधिक चर्चा का विषय बना रहा। मतगणना के शुरुआती दौर में बढ़त की स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद इस वार्ड का आधिकारिक परिणाम सबसे अंत में घोषित किया गया। ऐसे में मतदाताओं और समर्थकों को पूरी रात इंतजार करना पड़ा।
डॉ. बीआर आंबेडकर बहुतकनीकी संस्थान में शनिवार सुबह शुरू हुई मतगणना के दौरान जिला परिषद अंबोटा वार्ड-15, वार्ड-16 भंजाल और वार्ड-17 चलेट के मतों की गिनती एक साथ शुरू हुई थी। शुरुआती रुझानों में ही अंबोटा वार्ड का मुकाबला बेहद कड़ा नजर आने लगा।
भाजपा समर्थित उम्मीदवार पवन नंबरदार और कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सुरिंद्र सिंह के बीच मतों का अंतर लगातार कम बना रहा। मतगणना पूरी होने के बाद जब पवन नंबरदार को बढ़त मिली तो कांग्रेस प्रत्याशी सुरिंद्र सिंह ने मतों की पुनर्गणना की मांग कर दी। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने नियमानुसार रीकाउंटिंग करवाई।
पुनर्गणना की प्रक्रिया शुरू होने से अंबोटा वार्ड के परिणाम की घोषणा में काफी विलंब हो गया। इस दौरान मतगणना केंद्र के बाहर दोनों पक्षों के समर्थक पूरी रात डटे रहे और हर अपडेट पर नजर बनाए रखी। उधर, वार्ड-16 भंजाल और वार्ड -17 चलेट के परिणाम पहले ही घोषित कर दिए गए जबकि सबसे पहले गिनती शुरू होने वाले अंबोटा वार्ड का परिणाम लंबी प्रतीक्षा के बाद सामने आया।
रीकाउंटिंग पूरी होने के बाद भी सुबह करीब पांच बजे परिणाम में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया और भाजपा समर्थित पवन नंबरदार ने 7,114 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। सुरिंद्र सिंह को 6,666 मत मिले। वहीं पूरी रात परिणाम का इंतजार कर रहे समर्थकों ने राहत की सांस ली।